एक सप्ताह तक तापमान बढ़ते रहने के बाद छत्तीसगढ़ में ठंढ फिर लौट आई है। इस मौसम में बस्तर संभाग पहली बार शीतलहर की चपेट में है। कल से सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंढ पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक ऐसा उत्तर से आ रही सूखी और ठंढी हवाओं के असर से हुआ है।
बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में आज सुबह का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह वहां एक दिन पहले दर्ज हुए न्यूनतम तापमान से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम है। दूसरे जिलों में भी न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सरगुजा संभाग में तापमान मामूली रूप से कम हुआ है, लेकिन वहां के अधिकांश हिस्से में कल से शीतलहर शुरू हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, बस्तर संभाग में आज से शीत लहर प्रारंभ हो गया है। कल भी शीत लहर रहने की प्रबल संभावना है। उन्होंने बताया, प्रदेश में उत्तर पूर्व से सूखी और ठंढी हवा आने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। उन्होंने बताया, ठंढी हवा चलने के कारण दिन के तापमान में भी थोड़ी गिरावट संभावित है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा आकाश साफ रहने की संभावना है।
राजधानी में तापमान लगभग स्थिर
राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान करीब स्थिर बना हुआ है। रायपुर के लालपुर केंद्र में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह कल के तापमान से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। रायपुर हवाई अड्डा केंद्र पर तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं लाभांडी में तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह कल के तापमान से 4 डिग्री कम रहा है।
