Headlines

बस्तर दशहरा में रथ का रूट बदला, बिजली का खंभा गिरने से कई श्रद्धालु घायल

जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान बिजली के खंभे से टकराया रथ और मौके पर मची अफरा-तफरी बस्तर दशहरा रथ हादसा: श्रद्धालुओं पर गिरा बिजली का खंभा
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रथ का रास्ता बदलने से हादसा हो गया। रथ यामाहा शो-रूम के सामने बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा वहां मौजूद श्रद्धालुओं की ओर गिर पड़ा। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे का वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।

रथ के बिजली के खंभे से टकराते ही मची अफरा-तफरी

बताया गया कि रथ निर्धारित परिक्रमा मार्ग से हटकर सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की दिशा में बढ़ गया। इसी दौरान फूल रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभा गिरने से वहां रथ परिक्रमा देख रहे लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

टक्कर के बाद बिजली के तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। गनीमत रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक कोई व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया। अचानक रथ के रास्ता बदलने के दौरान एक स्कूटी सवार भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

व्यवस्था संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, रथ के अचानक दूसरे रास्ते पर चले जाने से व्यवस्था बहाल करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रथ का रास्ता बदलने को लेकर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, रथ खींचने वाले समूह में शामिल कुछ लोगों ने कथित तौर पर रथ का रास्ता बदल दिया और उसे तेजी से पावर हाउस चौक की ओर खींच लिया। हालांकि, रूट बदलने के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। वहीं, घटना से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच चिंता का माहौल बन गया है। रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मार्ग का पालन सुनिश्चित करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *