- रायपुर के उरला इलाके की सार्थक टीएमटी फैक्ट्री में हुआ हादसा
- पुलिस दर्ज कर रही प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का केस
रायपुर के उरला इलाके में मंगलवार को एक हादसे में श्रमिक की जान चली गई। TMT बनाने वाली फैक्ट्री की भट्टी में जबरदस्त ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 6 श्रमिक बुरी तरह से घायल हो गए। इन सभी को रायपुरा इलाके के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। मामला सार्थक टीएमटी प्लांट का है। घायल श्रमिकों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। जिस श्रमिक की मौत हुई उसका नाम पवन कुमार साहू था। सिर्फ 19 साल का पवन पिछले कुछ दिनों से इस प्लांट में काम कर रहा था।
धमाका ऐसा कि सुनाई देना बंद हो चुका था
चश्मदीदों ने बताया कि हादसे वक्त सभी श्रमिक प्लांट में ही थे। सुबह की शिफ्ट का काम शुरू हो रहा था। तभी भट्टी में ब्लास्ट हो गया। पिघला हुआ लोहा हर तरफ छिटक गया। फैक्ट्री के पिछले हिस्से में खाली प्लॉट है। इसमें भी सूखी घार में आग लग गई। प्लांट के जिस हिस्से में धमाका हुआ उसके परखच्चे उड़ गए। ऊपर की तरफ लगी छत तबाह हो गई। आस-पास के दूसरे प्लांट के लोग भी अपनी फैक्ट्री से जान बचाकर भागे। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि कुछ सेकंड के लिए कान सुन्न पड़ गए थे।
अब प्रबंधन पर होगी कार्रवाई
माना थाना पुलिस को घटना के कुछ ही देर बार खबर मिल गई थी। पुलिस की टीम ने मृत श्रमिक का शव निकलवाया। घायलों को भी अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में मारे गए श्रमिक का पोस्टमार्टम देर शाम तक पूरा हुआ। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया। मृतक का परिवार कबीर नगर में ही रहता है। पुलिस अब सार्थक टीएमटी के प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज करेगी। चर्चा ये भी है कि प्लांट के लोग घायल और मृत श्रमिक के परिवार के साथ बात-चीत कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में लगे हैं।

