छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लड़कियों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवतियां एक लड़की को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से मारती और उसके बाल खींचती नजर आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड पुल के पास की है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद या रंजिश थी। शुक्रवार रात घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह वायरल हो गया। हालांकि, मारपीट की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एक युवती की पहचान का दावा
वायरल वीडियो में नीले कपड़ों में दिखाई दे रही युवती की पहचान तान्या अली के रूप में किए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में उसके मारपीट से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में तत्कालीन सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट के कार्यकाल में केस दर्ज होने की बात कही गई है।
हालांकि, मौजूदा मामले में पुलिस की ओर से अभी किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसे फिलहाल इस घटना की जानकारी या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
मारपीट के बाद सोशल मीडिया स्टेटस का दावा
घटना के बाद एक इंस्टाग्राम अकाउंट से मारपीट से संबंधित स्टेटस पोस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है। इसमें कथित तौर पर घटना को लेकर टिप्पणी की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पोस्ट की वास्तविकता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
शिकायत और जांच के बाद स्पष्ट होगा पूरा मामला
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और मारपीट में कुल कितने लोग शामिल थे। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा सकती है। संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुरानी रंजिश, मारपीट और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी।
