बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य

बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य

छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। बिजली वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जहां संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय की ओर से 12 अगस्त 2026 को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को स्मार्ट मीटर लगाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई है।

बिजली खपत की सटीक निगरानी में मिलेगी मदद

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के अनुसार, स्मार्ट मीटर से बिजली की खपत की निगरानी अधिक सटीक तरीके से की जा सकेगी। इससे बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने में भी मदद मिलेगी।

कंपनी के एमडी भीम सिंह कंवर ने बताया कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रख सकेंगे। भविष्य में समय आधारित बिजली दर यानी TOU/TOD व्यवस्था का लाभ लेकर उपभोक्ता कम दर वाले समय में अधिक बिजली का इस्तेमाल कर अपने बिल को नियंत्रित कर सकते हैं। वहीं, बिजली वितरण कंपनी को भी उपभोक्ताओं की खपत का सटीक रिकॉर्ड रखने में सुविधा होगी।

बैकुंठपुर मामले में स्मार्ट मीटर की रीडिंग सही मिली

स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बिजली कंपनी ने बैकुंठपुर प्रकरण की जांच का हवाला दिया है। कंपनी के अनुसार, जांच के दौरान स्मार्ट मीटर की रीडिंग और चेक मीटर की रीडिंग में लगभग समानता पाई गई।

27 जुलाई से 7 अगस्त के बीच स्मार्ट मीटर में 302 यूनिट बिजली की खपत दर्ज हुई, जबकि चेक मीटर में 303 यूनिट की रीडिंग मिली। दोनों रीडिंग में सिर्फ एक यूनिट का अंतर सामने आया।

मैनुअल रीडिंग में हो सकती है मानवीय गलती

बिजली कंपनी का कहना है कि चेक मीटर की मैनुअल रीडिंग में मानवीय त्रुटि की संभावना बनी रहती है। इसके विपरीत स्मार्ट मीटर में बिजली खपत की रीडिंग स्वतः दर्ज होती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। बिजली वितरण कंपनी के मुताबिक, स्मार्ट मीटर से बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होने के साथ बिजली खपत का सही रिकॉर्ड रखने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *