देश के सभी बड़े शहरों से 123 रुपए ज्यादा कीमत पर रायपुर में मिल रहा घरेलू गैस सिलेंडर

धनेश कुमार दिवाकर @ रायपुर

राजधानी समेत देशभर में 1 मई से कई बड़े बदलाव किए गए हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से शहरों में मिलने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी जारी की गई है। इसमें लखनऊ, पुणे, दिल्ली, पटना, जयपुर समेत कई बड़े शहरों से महंगा सिलेंडर रायपुर में मिल रहा है। रायपुर में अभी घरेलू सिलेंडर की कीमत 1174 रुपए है।

बाकी शहरों में 1051 से 1151 रुपए के बीच मिल रहा है। अफसरों का कहना है कि ट्रांसपोर्टेशन की वजह से सिलेंडर की कीमत राज्यों में कम-ज्यादा होती है। रायपुर में ट्रांसपोर्टेशन चार्ज ज्यादा होने की वजह से सिलेंडर भी महंगा मिल रहा है।

रायपुर में सिलेंडर महंगा मिलने के साथ ही लोगों के खातों में सब्सिडी की रकम भी कम जमा हो रही है। अभी तक लोगों के खातों में 61.37 रुपए सब्सिडी के मिल रहे थे। मई के महीने में लोगों के खातों में 10.17 रुपए ही जमा हो रहे हैं। लगभग 50 रुपए कम हो गए।

यानी एक तरफ सिलेंडर महंगा मिल रहा है, दूसरी ओर सब्सिडी के पैसे भी कम मिल रहे हैं। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सब्सिडी की रकम धीरे-धीरे खत्म की जा रही है। इस वजह से लोगों के खातों में रकम भी कम जमा हो रही है। एजेंसी वालों को पहले ही बता दिया गया है कि केंद्र सरकार सब्सिडी की व्यवस्था खत्म कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *