रायपुर शहर निगल रहा रायपुर के तालाब

रायपुर शहर निगल रहा रायपुर के तालाब

धनेश कुमार दिवाकर @ रायपुर

छत्तीसगढ़ राज्य और उसकी राजधानी रायपुर बनने से पहले तक यह नगर तालाबों की नगरी कहलाता था, ना कभी नलों में पानी की कमी रहती थी और ना आंख में। लेकिन अलग राज्य बनते ही ताल-तलैयों की बलि चढ़ने लगी।

वन विभाग के एक रिसर्च के मुताबिक 2014 में तालाबों की संख्या 227 बताई गई थी। 2023 में नगर निगम ने एक आंकड़ा दिया है। जिसके मुताबिक शहर में तालाबों की संख्या 109 के आसपास रह गई है। यानि लगातार तालाब घटते जा रहे हैं। एक समय रायपुर शहर में 300 से ज्यादा तालाब थे।

आज इसकी जमीनी हकीकत देखते हैं तो पता चलता है, जहां जहां तालाबों में अवैध कब्जे किए गए, वहां तालाब नष्ट हो गए और वहां भूजल स्तर काफी नीचे चला गया।यहां भूजल स्तर 300 से 400 फीट नीचे चला गया है, कुछ जगह 700 फीट नीचे पानी है। जबकि पहले 50 फीट में पानी मिल जाता था। ये आंकड़े केंद्रीय भूजल सर्वेक्षण विभाग के हैं।

शहर के कई चर्चित तालाब देखते-देखते ओझल हो गए- रायपुर शहर में रजबंधा तालाब का फैलाव 7.975 हेक्टेर था, छह हेक्टेयर से बड़े सरजूबंधा को पुलिस लाइन लील गई तो डेढ़ हेक्टेयर से भी विशाल खंतो तालाब पर शक्तिनगर कालोनी बन गई। गोगांव का पचरी, नया और गोगांव तालाब सूखने और पटने के बाद उद्योग विभाग के पास है तो ढाबा तालाब (कोटा) और डबरी तालाब (खमरडीह) पर कब्जे हो गए।

आज जहां पर शास्त्री बाजार है, वहां कभी लेडी तालाब हुआ करता था। श्याम टाकीज डबरी में आज इनडोर और आउटडोर स्टेडियम खड़ा है। ऐसे ही कंकाली ताल, ट्रस्ट तालाब, नारून तालाब आदि दसियों पर या तो कब्जे हो गए या फिर वे सिकुड़ कर शून्य की ओर बढ़ रहे हैं।शासकीय नर्सिंग कॉलेज तालाब की जमीन पर बसा हुआ है। खो-खो तालाब, बूढ़ातालाब, महाराजबंद तालाब से लेकर डंगनिया तालाब समेत लगभग सभी तालाब के पार और तालाब दोनों कब्जों की भेंट चढ़ गए। यह सूची बानगी है कि रायपुर शहर के बीच के तालाब किस तरह शहरीकरण की चपेट में आए।

तालाब- राजस्व रिकॉर्ड के मुताबिक- वर्तमान क्षेत्र-

नरैया तालाब 1- 3.4- 0.39

नरैया तालाब 2- 10.24- 0.84

नरैया तालाब 3- 4.88- 0.59

कारी तालाब- 7.76- 0.39

धोबी तालाब- 1.882- 0.5

आमा तालाब- 1.246- 0.68

रामकुंड तालाब- अप्राप्त- 0.79

कंकाली तालाब- 2.27- 0.37

कटोरा तालाब- 1.85- 0.46

राजा तालाब- 5.97- 1.02

खोखो तालाब- 3.74- 0.83

बंधवा तालाब- 6.16- 0.81

डूमरतराई बस्ती तालाब- 3.472- 0.29

(नोट- आंकड़े हेक्टेयर में)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *