Headlines

दुर्ग में BTech छात्र-छात्रा निकले चेन स्नैचर, महिलाओं को बनाते थे निशाना

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चेन स्नैचिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सुपेला थाना क्षेत्र में हुई वारदातों के सिलसिले में पुलिस ने एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों BTech इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं और कॉलेज में साथ पढ़ते हैं। पैसे की जरूरत के चलते दोनों ने कथित तौर पर चेन स्नैचिंग की योजना बनाई और वारदातों को अंजाम देना शुरू किया।

बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब 6:30 बजे घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और दोनों मौके से फरार हो गए।

इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को दोबारा निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए

लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।

स्कूटी से रेकी कर करते थे वारदात

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, आरोपी सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक मौका मिलते ही चेन झपटकर फरार हो जाता था।

पुलिस के मुताबिक, अपनी पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे।

सोने की चेन और स्कूटी जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *