छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करना एक ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक को भारी पड़ गया। मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए यशवंत साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह मामला गुंडरदेही में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक का है। बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की मौजूदगी में जिले में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा की जा रही थी।
कम उपलब्धि को लेकर मांगी गई थी जानकारी
जानकारी के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र चंदनबिरही में पदस्थ ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक यशवंत साहू से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में कम उपलब्धि को लेकर जानकारी मांगी जा रही थी। इसी दौरान उनके द्वारा कलेक्टर के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया। घटना के बाद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।

निलंबन के बाद डौंडी में रहेगा मुख्यालय
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बालोद की ओर से जारी आदेश के अनुसार यशवंत साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डौंडी निर्धारित किया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान निर्धारित जिम्मेदारियों और अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
