कोरबा में कार-बाइक की भीषण टक्कर, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल

कोरबा में कार-बाइक की भीषण टक्कर, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसके हिस्से सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।

कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत

जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। चैतमा के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार में सवार दो लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला मरीज भी मौजूद थी। कार सवार रायपुर से इलाज कराने के बाद मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *