आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में लालबाग मैदान के पास देसी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अजय राजपूत निवासी बस्तर के रूप में हुई है।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और क्राइम टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।
2021 में यूपी से हथियार खरीदने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर यह हथियार वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश के किसी व्यक्ति से खरीदा था। अब पुलिस हथियार की सप्लाई से जुड़े व्यक्ति और इस पूरे मामले में आरोपी के संभावित कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार किस माध्यम से बस्तर पहुंचा और इसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कौन है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस के अनुसार, अजय राजपूत के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में करीब एक साल जेल में रह चुका है।
इसके अलावा, आरोपी के किसी गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी पुलिस जांच में सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, इस कनेक्शन से जुड़े तथ्यों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि देसी कट्टा कहां से खरीदा गया, उसे बस्तर तक कौन लेकर आया और इस हथियार की सप्लाई में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं।
पुलिस बरामद हथियार और कारतूस से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
