खाली मकान में रखे मिले पटाखे
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
जांच के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे बरामद कर विधिवत जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 8.56 लाख रुपये आंकी गई है।
नैला निवासी आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ की भूमिका रही।
पुलिस ने रिहायशी इलाके में पटाखों के कथित अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। मामले में आगे की जांच जारी है।
