जांजगीर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत से बवाल

जांजगीर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत से बवाल

जांजगीर-चांपा थाने में आबकारी मामले में गिरफ्तार किए गए मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस उर्फ गुल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अभिरक्षा में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत की खबर के बाद आक्रोशित परिजनों और मोहल्लेवासियों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया।

आबकारी मामले में गिरफ्तार हुआ था शिव सहिस

जानकारी के अनुसार, शिव सहिस को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया।

हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और मृतक की पत्नी बच्चों के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गई।

परिवार ने की 50 लाख मुआवजे और नौकरी की मांग

घटना से नाराज स्वजनों और मोहल्लेवासियों ने थाने का घेराव करते हुए 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और बच्चों की पढ़ाई एवं भरण-पोषण की व्यवस्था करने की मांग की। परिजनों ने मामले में दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग भी रखी।

आरक्षक ईश्वरी राठौर निलंबित

मामले में लापरवाही के आरोप पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई थाना चांपा में दर्ज आबकारी एक्ट के मामले से जुड़ी लापरवाही के आरोपों के बाद की गई है।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई बातचीत

स्थिति को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रशासन और मृतक के स्वजनों के बीच बातचीत हुई। बातचीत के बाद मजिस्ट्रियल जांच, मृतक की पत्नी को निजी कंपनी में नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा और भरण-पोषण की व्यवस्था का आश्वासन दिया गया। इसके बाद स्वजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हुए और थाने के बाहर चल रहा विरोध समाप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *