राज्यपाल रमेन डेका ने सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

राज्यपाल रमेन डेका ने सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

राज्यपाल रमेन डेका से सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने लोक भवन में मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से संवाद किया और उनके जीवन, करियर तथा सार्वजनिक जीवन से जुड़े सवाल पूछे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और कठोर परिश्रम को जीवन का आधार बनाने की सलाह दी।

अनुशासन को बताया सफलता की पहली सीढ़ी

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल जैसी उत्कृष्ट संस्था में पढ़ने का अवसर मिला है, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की भी सीख मिलती है।

उन्होंने कहा कि सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार अनुशासन है। वर्तमान समय में पढ़ाई, नौकरी और करियर को लेकर तनाव युवाओं के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे में अपनी क्षमताओं को पहचानना और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना जरूरी है।

लक्ष्य तय कर मेहनत करने की दी सलाह

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कठोर परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। योग्यता के साथ लगातार मेहनत करने पर सफलता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुजनों और अभिभावकों की बात गंभीरता से सुनने के साथ निर्णय लेते समय अपनी तर्कशक्ति और बुद्धि का इस्तेमाल करने की सलाह दी। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपनी ‘थिंकिंग प्रोसेस’ को सक्रिय रखने और अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों ने पूछे जीवन और करियर से जुड़े सवाल

संवाद के दौरान सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से संबंधित कई सवाल पूछे। राज्यपाल ने सहजता से विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब दिए और अपने संवैधानिक पद की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी साझा की।

उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की यात्रा से जुड़े अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। इस दौरान सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम में सैनिक स्कूल के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *