जशपुर: सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ रविवार को जशपुर नगर में वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता वाली इस पदयात्रा के जरिए नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।
वॉकथॉन में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
जय स्तंभ चौक से रणजीता स्टेडियम तक निकली पदयात्रा
वॉकथॉन की शुरुआत जय स्तंभ चौक से हुई। पदयात्रा बस स्टैंड होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज को लेकर लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों और नागरिकों की भागीदारी से कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता मिली।
विधायक ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
रणजीता स्टेडियम में विधायक रायमुनि भगत ने मौजूद लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, नशामुक्ति का प्रयास केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है।
जनभागीदारी से चल रहा सेवा संकल्प अभियान
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जशपुर जिले में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित वॉकथॉन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
