मझगांव: घर की आलमारी से 12.50 लाख रुपए चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार पतासाजी के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
15 सितंबर को हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और आलमारी के लॉकर में रखे 12.50 लाख रुपए चोरी कर ले गया।
घटना के समय परिवार के सदस्यों ने चेहरे पर गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से बाहर निकलते हुए देखा था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य मिले।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कमलेश पटेल (19) ने अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल के घर में प्रवेश किया था। गणेश चतुर्थी के कारण गांव में लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी स्थिति का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पिता को बताई चोरी की बात
पुलिस पूछताछ के मुताबिक, कमलेश ने चोरी की रकम के बारे में अपने पिता भागवत पटेल (50) को बताया था। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर रकम को अलग-अलग स्थानों पर छिपाया।
पुलिस के अनुसार, चोरी की रकम को पहले पुराने मकान में रखा गया। इसके बाद उसे खेत में बने बोर के कमरे और फिर घर की आलमारी में छिपाया गया।
11.53 लाख रुपए बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी की कुछ रकम आरोपियों ने खर्च कर दी है, जिसके चलते पूरी 12.50 लाख रुपए की राशि बरामद नहीं हो सकी।
दोनों आरोपियों को 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
