कल से शुरू होगा 15-18 वर्ष के आयुवर्ग का वैक्‍सीनेशन, तीन लाख से अधिक ने कराया रजिस्‍ट्रेशन,

देश में कोरोना महामारी एक बार फिर से सिर उठा रही है। इसके साथ ही देश में इसके नए वैरिएंट ओमिक्रोन का भी खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब तक देश के अधिकतर राज्‍यों में इसके मामले सामने आ चुके हैं। इसकी संक्रमण की रफ्तार अन्‍य वैरिएंट के मुकाबले कहीं अधिक है। इसको देखते हुए टीकाकरण में तेजी लाई जा रही है। इसके साथ ही 15 से 18 वर्ष की आयुवर्ग के टीकाकरण के लिए रजिस्‍ट्रेशन 1 जनवरी से शुरू हो चुका है। अब बारी है वैक्‍सीन लगने की जो 3 जनवरी से होगी।

वैक्‍सीनेशन के इस चरण में उन बच्‍चों को टीका लग सकेगा जिनका जन्‍म जनवरी 2003 के बाद हुआ है। महामारी को नियंत्रण में लाने के हिसाब से ये एक बड़ा अभियान और कदम है। ओमीक्रोन के खतरे को देखते हुए केंद्र की तरफ से तीन जनवरी से इसकी शुरुआत करने के दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए हैं।

तीन लाख से अधिक ने किया रजिस्‍ट्रेशन

इस चरण की शुरुआत से पहले केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मांडविया ने अपने एक ट्वीट में लिखा है कि बच्चे सुरक्षित हैं तो देश का भविष्य सुरक्षित है! वैक्‍सीनेशन के इस नए चरण के लिए अब तक करीब 3.15 लाख से अधिक बच्‍चों का रजिस्‍ट्रेशन शनिवार रात तक किया जा चुका है। तीन जनवरी से इन बच्‍चों को भारत बायोटेक कंपनी द्वारा तैयार की गई कोवैक्सिन की खुराक दी जाएगी। इसकी दूसरी खुराक 28 दिन के बाद दी जाएगी।

जो बच्‍चे अपना रजिस्‍ट्रेशन कोविन पोर्टल पर नहीं करवा सकेंगे वो सीधे वैक्‍सीन सेंटर पर भी ऐसा कर सकेंगे। 15-18 वर्ष के आयुवर्ग के लिए रजिस्‍ट्रेशन और स्‍लाट बुक करते समय Co-WIN एप पर अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन करना होगा। वैक्सीन बुक करने के लिए बच्चे के फोटो आईडी की भी जरूरत होगी। जिनके पास कोई फोटो आईडी नहीं है वो अपना आधार कार्ड भी इसके लिए दे सकते हैं। एक मोबाइल से चार लोगों का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा। वैक्‍सीन लगाने के बाद बच्चों को आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा।


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004