रेलवे अलर्ट, 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक 845 ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, 338 ट्रेनें रद्द

रेलवे अलर्ट, 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक 845 ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, 338 ट्रेनें रद्द

सितंबर और अक्टूबर के बीच रेल यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 21 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक पूर्व मध्य रेलवे (East Central Railway) के अंतर्गत मोकामा के पास गंगा नदी पर बने नए डबल लाइन रेल पुल के कमिशनिंग कार्य के चलते कुल 845 ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इस दौरान 338 ट्रेनें रद्द, 384 ट्रेनों का रूट बदला जाएगा, जबकि 56 ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट और 67 ट्रेनें शॉर्ट-ओरिजिनेट की जाएंगी।

नए डबल लाइन रेल पुल को नेटवर्क से जोड़ने का होगा काम

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव नए डबल लाइन रेल पुल को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए किए जाने वाले नॉन-इंटरलॉकिंग (Non-Interlocking) कार्य के कारण किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत पुल को अपर हथीदह जंक्शन, ताल जंक्शन, रामपुर दुमरा, दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन से जोड़ा जाएगा।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि मौजूदा गंगा रेल पुल पर केवल सिंगल लाइन होने के कारण परिचालन क्षमता सीमित थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए नया डबल लाइन रेल पुल बनाया गया है, जिसे अब मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

इन राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा असर

इस 14 दिवसीय कार्य का असर बिहार ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और आसपास के राज्यों से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस, पैसेंजर और स्पेशल ट्रेनों पर भी पड़ेगा। रेलवे के अनुसार, इन राज्यों के लाखों यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।

कितनी ट्रेनें किस तरह होंगी प्रभावित?

  • कुल प्रभावित ट्रेन सेवाएं: 845
  • रद्द ट्रेनें: 338
  • डायवर्ट ट्रेनें: 384
  • शॉर्ट-टर्मिनेट ट्रेनें: 56
  • शॉर्ट-ओरिजिनेट ट्रेनें: 67

यात्रा से पहले जरूर करें ट्रेन का स्टेटस चेक

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस, रूट और समय अवश्य जांच लें। कमिशनिंग कार्य के दौरान कई ट्रेनों के समय और मार्ग में बदलाव किया जाएगा, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है। समय रहते जानकारी लेने से यात्रा के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *