मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ कबीर पंथी साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और मुख्यमंत्री सहायता कोष के लिए समाज की ओर से एक लाख एक हजार रूपए का चेक सौंपा। छत्तीसगढ़ कबीर पंथी साहू समाज के अध्यक्ष श्री बी.पी. साहू के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ राज्य में किए गए प्रभावी एवं सफल उपाय के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को कबीर प्राकट्य दिवस की पूर्व संध्या पर संत शिरोमणि कबीर साहेब जी का चित्र भेंट किया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ कबीर पंथी साहू समाज की ओर से पीड़ितों की मदद के लिए प्रदत्त सहायता राशि के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सर्वश्री संतोष साहू, द्वारिका साहू, कन्हैया साहू, सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
