राजधानी रायपुर में मॉल्स और मल्टीप्लेक्स जाने वाले लोगों के लिए पार्किंग को लेकर बड़ी राहत की तैयारी है। शहर में मॉल्स और सिनेमा घरों में पार्किंग शुल्क खत्म करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। हालांकि, यह व्यवस्था फिलहाल प्रस्ताव के स्तर पर है और राज्य सरकार की मंजूरी के बाद लागू होगी। मॉल्स में पार्किंग शुल्क के कारण लोग कई बार अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनती है। इसी समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम और मॉल-सिनेमा संचालकों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।
फ्री पार्किंग को लेकर हुई बैठक
रायपुर में वर्तमान में 5 मॉल और 4 सिनेमा हॉल संचालित हो रहे हैं। इन स्थानों पर पार्किंग शुल्क लिए जाने के कारण सड़क पर वाहन खड़े करने की समस्या सामने आती रही है। इसी को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के कार्यालय में मॉल और सिनेमा हॉल के मैनेजरों के साथ बैठक हुई। इसमें ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में मॉल और मल्टीप्लेक्स संचालकों से अपने परिसर के बाहर वाहन खड़ा नहीं करवाने और ग्राहकों के लिए फ्री पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध कराने को लेकर निर्देश दिए गए। मैनेजरों ने इस संबंध में अपने संचालकों से अनुमति लेने के बाद जवाब देने की बात कही।
पार्किंग शुल्क लेने पर कार्रवाई की तैयारी
प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने के बाद यदि किसी मॉल या मल्टीप्लेक्स में ग्राहकों से पार्किंग शुल्क लेने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
बैठक में यह भी बताया गया कि फ्री पार्किंग व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारी प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय भेजेंगे। इसके बाद प्रस्ताव राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पूरे प्रदेश में मॉल और सिनेमा घरों में फ्री पार्किंग व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
गुजरात हाईकोर्ट के आदेश का दिया गया हवाला
फ्री पार्किंग के प्रस्ताव पर हुई बैठक में गुजरात हाईकोर्ट के 8 जुलाई के आदेश का भी हवाला दिया गया। स्रोत के अनुसार, जस्टिस आनंद एस. दवे और जस्टिस बीरेन वैष्णव की खंडपीठ ने मॉल और मल्टीप्लेक्स संचालकों की अपील पर सुनवाई के दौरान पार्किंग शुल्क वसूलने के नियमों को लेकर सवाल उठाया था।
कोर्ट की टिप्पणी को आधार बनाते हुए रायपुर में भी मॉल और मल्टीप्लेक्स की पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा की गई। अधिकारियों का कहना है कि ग्राहकों को पार्किंग के लिए शुल्क न देना पड़े और वाहन सड़क पर खड़े न हों, इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
अभी प्रस्ताव, मंजूरी के बाद लागू होगी व्यवस्था
फिलहाल रायपुर में मॉल और मल्टीप्लेक्स की फ्री पार्किंग व्यवस्था प्रस्ताव और प्रक्रिया के स्तर पर है। इसे पुलिस मुख्यालय और फिर राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही इसे लागू किया जा सकेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्राहकों को पार्किंग शुल्क से राहत देने के साथ-साथ मॉल और सिनेमा परिसरों के बाहर सड़क पर वाहनों की पार्किंग से होने वाली यातायात समस्या को कम करना है।
