नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की तैयारियां चल रही हैं. वह रविवार शाम 5 बजे राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण करेंगे. इस बीच जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने दावा किया है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘इंडिया ब्लॉक’ की ओर से प्रधानमंत्री का पद ऑफर किया गया है.
सूत्रों की मानें तो मोदी कैबिनेट में कई सहयोगी दलों के सांसदों को भी शामिल किया जा सकता है. जेडीयू से रामनाथ ठाकुर और ललन सिंह कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं, सूत्रों के हवाले से ये खबर मिल रही है. बिहार में जेडीयू को 12 सीटें हासिल हुई हैं. हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक जानकारी नहीं सामने आई है कि किस पार्टी को मोदी कैबिनेट में कितने मंत्री पद मिलने जा रहे हैं. बीती रात बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर एनडीए गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक में मंत्रालयों को लेकर चर्चा हुई. मोदी 3.0 कैबिनेट (PM Modi New Cabinet) का चेहरा कैसा होगा, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं. सूत्रों की मानें तो एनडीए की सहयोगी तेलुगू देशम पार्टी (TDP), जनता दल युनाइटेड (JDU) और जनता दल (सेक्युलर) समेत अन्य पार्टियों ने बीजेपी के सामने अपनी मांग रख दी है. हालांकि, अभी तक ये सामने नहीं आया है कि किस दल को क्या पोर्टफोलियो मिलने जा रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार शपथ लेने से पहले एनडीए के नवनिर्वाचित सांसद कैबिनेट मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए आज बैठक हुई. कल शाम एक भव्य समारोह में पीएम मोदी और उनकी नई कैबिनेट के सदस्य शपथ लेंगे. वह कांग्रेस के दिग्गज नेता जवाहरलाल नेहरू के बाद पहले तीन बार प्रधानमंत्री होंगे.

