छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने शानदार हवाई करतब दिखाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल देखी। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जवानों ने अपने साहस, अनुशासन और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया।


पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने दर्शकों को किया रोमांचित
सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर और एक-दूसरे के करीब से गुजरने वाले करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई गई और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज से माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन भी किया।

आकाशगंगा टीम और गरुड़ कमांडोज ने दिखाया दम
कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जवानों ने पैराशूट से छलांग लगाकर की। उन्होंने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वायु सेना के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनका साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की कठिन ट्रेनिंग और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।


2 नवंबर को होगा मुख्य एयर शो
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन आपसी विश्वास, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है।
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

