नाश्ते में बनाएं कुरकुरा और स्वादिष्ट चीला,10 मिनट में तैयार

नाश्ते में बनाएं कुरकुरा और स्वादिष्ट चीला,10 मिनट में तैयार

सुबह के समय अगर नाश्ता जल्दी तैयार करना हो तो सूजी-बेसन चीला एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है। इसे सूजी, बेसन, दही और कुछ सब्जियों की मदद से तैयार किया जाता है। बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से सॉफ्ट यह चीला हरी चटनी, दही या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है।

इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता। सब्जियां डालने से इसका स्वाद भी बढ़ जाता है। आइए जानते हैं सूजी-बेसन चीला बनाने की आसान रेसिपी।

सूजी-बेसन चीला बनाने के लिए सामग्री

  • ½ कप सूजी
  • ½ कप बेसन
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • 1 बारीक कटा प्याज
  • 2-3 बारीक कटी लहसुन की कलियां
  • 1 बारीक कटा टमाटर
  • 1 बारीक कटी हरी मिर्च
  • 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
  • 2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
  • 1 कद्दूकस की हुई गाजर
  • 1 बारीक कटी शिमला मिर्च
  • ½ चम्मच गरम मसाला
  • ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • जरूरत के अनुसार तेल

ऐसे तैयार करें चीले का बैटर

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी, बेसन और दही डालें। इसमें प्याज, लहसुन, अदरक, टमाटर, गाजर और शिमला मिर्च मिला दें। अब हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, हल्दी और गरम मसाला डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें।
  • इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला। तैयार बैटर को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
  • 10 मिनट बाद बैटर को दोबारा अच्छी तरह मिलाएं। अगर यह ज्यादा गाढ़ा हो गया है तो जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिला सकते हैं।

तवे पर ऐसे सेंकें सूजी-बेसन चीला

  • अब तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं। एक बड़े चम्मच की मदद से बैटर तवे पर डालें और उसे गोल आकार में पतला फैला दें।
  • चीले को मीडियम आंच पर पकने दें। जब नीचे की तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने लगे तो इसे सावधानी से पलट दें।
  • दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंकें। दोनों तरफ से पकने और हल्का क्रिस्पी होने के बाद चीले को प्लेट में निकाल लें।

हरी चटनी या दही के साथ करें सर्व

गरमा-गरम सूजी-बेसन चीला हरी चटनी, पुदीना-धनिया की चटनी, दही या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है। सुबह की जल्दी में यह एक आसान घरेलू नाश्ता है, जिसे अपनी पसंद की सब्जियां डालकर भी तैयार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *