उफनती नदी बनी मौत का जाल,पुल पार करते समय बाइक समेत बहे दो युवक

उफनती नदी बनी मौत का जाल,पुल पार करते समय बाइक समेत बहे दो युवक

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। ऊन क्षेत्र की गधावड़ नदी पर बने पुल को पार करने की कोशिश दो युवकों को भारी पड़ गई। तेज बहाव के कारण दोनों बाइक समेत नदी में बह गए। इनमें से एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि दूसरा लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

कॉलेज से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार दोनों युवक इंदौर में कॉलेज में एडमिशन कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। वापसी के दौरान वे गधावड़ नदी पहुंचे, जहां लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर थी। चेतावनी के बावजूद उन्होंने पुल पार करने की कोशिश की और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

एक युवक ने तैरकर बचाई जान

हादसे के दौरान एक युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। वहीं 19 वर्षीय विनय वास्कले नदी की तेज धारा में बह गया और लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस और SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलने पर ऊन थाना पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और युवक के परिजन मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

बारिश के दौरान प्रशासन की अपील

लगातार बारिश के चलते जिले की कई नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनती नदियों, पुलों और रपटों को पार करने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *