Cyber Fraud का शिकार हुए? तुरंत डायल करें 1930, ₹11,158 करोड़ की ठगी बचा चुका है

Cyber Fraud का शिकार हुए? तुरंत डायल करें 1930, ₹11,158 करोड़ की ठगी बचा चुका है

देश में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों के बीच राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरा है। गृह मंत्रालय (MHA) के तहत कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और PIB Delhi द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से अब तक ₹11,158 करोड़ से अधिक की ठगी की राशि को ब्लॉक या फ्रीज किया जा चुका है। वहीं, इस प्लेटफॉर्म पर 32.80 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं, जो देश में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और लोगों की जागरूकता दोनों को दर्शाती हैं।

हर सेकंड आ रही एक कॉल, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा इस्तेमाल

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, हेल्पलाइन 1930 पर अब तक 3.24 करोड़ से अधिक कॉल प्राप्त हो चुकी हैं। यानी औसतन हर सेकंड एक कॉल रिसीव की जा रही है। डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठगी के मामलों में भी इजाफा हुआ है, जिसके चलते इस हेल्पलाइन का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।

अब शिकायत पर अपने आप दर्ज होगी e-Zero FIR

साइबर अपराधों पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में e-Zero FIR सिस्टम लागू कर दिया है। अब यदि किसी व्यक्ति के साथ वित्तीय साइबर ठगी होती है और वह 1930 हेल्पलाइन या National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करता है, तो निर्धारित शर्तों के तहत स्वतः e-Zero FIR दर्ज होकर संबंधित साइबर पुलिस स्टेशन को भेज दी जाएगी। इससे शुरुआती कार्रवाई में लगने वाला समय काफी कम होगा।

राष्ट्रीय स्तर का कॉल सेंटर और IVR सिस्टम होगा अपग्रेड

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर राज्यों में संचालित 1930 कॉल सेंटरों को आधुनिक Interactive Voice Response (IVR) तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है। इसके साथ ही एक नेशनल-लेवल 1930 कॉल सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि किसी राज्य का कॉल सेंटर व्यस्त हो, तो कॉल स्वतः राष्ट्रीय कॉल सेंटर पर ट्रांसफर होकर पीड़ित को तुरंत सहायता मिल सके।

Money Restoration Module से आसान होगी रकम वापसी

गृह मंत्रालय ने ठगी का शिकार हुए लोगों की सहायता के लिए Money Restoration Module भी शुरू किया है। इस नई व्यवस्था के जरिए बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि को जल्द से जल्द पीड़ित के खाते में वापस पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज और सरल बनाया जाएगा।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर कॉल करते समय ये जानकारी रखें तैयार

विशेषज्ञों के अनुसार, साइबर फ्रॉड के बाद शुरुआती 1 से 2 घंटे (Golden Hour) सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। शिकायत करते समय आपके पास ये चार जरूरी जानकारियां होनी चाहिए:

  • जिस बैंक खाते से पैसे कटे हैं, उसका अकाउंट नंबर
  • ठगी गई सटीक राशि
  • ट्रांजैक्शन की तारीख और समय
  • UTR नंबर या Transaction ID

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *