छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने शुक्रवार को ट्वीट किए। कांग्रेस को असम चुनाव के मुद्दे पर घेरते हुए उन्होंने लिखा- सत्ता के लिए साप्रदायिकता का “घिनौना खेल” खेल रही है कांग्रेस! बंगाल में अब्बास सिद्दीकी के साथ गठबंधन, असम में बदरुद्दीन अजमल के साथ गठबंधन, केरल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन, “सेक्युलर” होने का दावा करने वाली कांग्रेस सबसे बड़ी “कम्युनल” पार्टी हो गई है!
डॉ रमन का ट्वीट दरअसल CM बघेल के ट्वीट का जवाब था
जवाब में कांग्रेस का ‘चचा’ वाला बयान
इस ट्वीट के जवाब में कांग्रेस ने डॉ रमन सिंह के लिए चचा शब्द का संबोधन किया। इसमें लिखा गया- बेगानी शादी में काहे दीवाना बन रहे हो चचा। अपने आप को प्रासंगिक दिखाने के लिए काहे ऊल-जलूल बयान दे रहे हो? छत्तीसगढ़ की जनता और मीडिया को यह क्यों नहीं बताते कि असम भाजपा का कोई शीर्ष नेता आपसे मिलने तक नहीं आया, आपको असम से जल्द क्यों वापस आना पड़ा? बता दीजिए, वरना हम बताएंगे।
दूसरे ट्वीट में छल करने आरोप
डॉ रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस को एक दूसरे ट्वीट में बेरोजगारों के मुद्दे पर घेरा, उनकी तरफ से लिखा गया- कांग्रेस के झूठ, छल, फरेब का खेल अब असम में भी जारी है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं से रोजगार देने लिए फॉर्म भरवाया था लेकिन एक भी युवा को रोजगार नहीं दिया।अब वही फॉर्म असम के युवाओं से भी भरवा रहे हैं। सावधान!मैं गारंटी से कहता हूं, आपके साथ भी यह विश्वासघात करेंगे।
जवाब में दामाद और बेटे पर हमला
इस ट्वीट के जवाब में कांग्रेस ने डॉ रमन सिंह के दामाद और बेटे पर कुछ यूं निशाना साधा- डॉ साहब! हमने अभी-अभी डाटा बेस चेक किया है। आपके पुत्र एवं दामाद ने इस फॉर्म को नहीं भरा था। अभी मंडी समिति में जगह निकली हैं, कृपया उन्हें सुझाव दें यदि योग्य हों तो एप्लाई करें।

