बिलासपुर– जिले में शनिवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे चार लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में UP के तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए CIMS में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी मालिक को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। आरोपी चालक व उसके साथी क्षतिग्रस्त कार को और गंभीर रूप से घायल युवकों को छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस ने कार CG 10 AC 8777 के मालिक की जानकारी निकाल उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इधर, पुलिस ने दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को CIMS में भर्ती कराया गया है। सभी युवक उत्तरप्रदेश के रहने वाले थे और यहां वाहन चलाने का काम करते थे।
हादसे में उत्तरप्रदेश के खरखा जिले के रहने वाले बीरेश कुमार सिंह (45), मनोज कुमार सिंह (35) और रमेश (35) की मौत हुई है। रमेश मथुरा जिले का रहने वाला था। वहीं सुमित सिंह (35) गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सुमित सिंह घटना में मारे गए मनोज सिंह का भाई है।

