गर्मी के साथ ही लौटा चमचमाते पीले का ट्रेंड …

उस कठिन दौर में जबकि दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाएं गोता खा रही थीं, जाहिर सी बात थी फैशन को आवश्यक चीजों की सूची में नहीं ही होना था। लेकिन जैसी कि हर अंधेरी रात के बाद उम्मीद का दीया जगमगाता है, फैशन भी अब अंधेरे बियाबान से बाहर निकलने लगा है।

अमेरिकी कंपनी पैंटोन दशकों से रंगों के महत्व को लेकर दुनियाभर की कंपनियों को जागरूक और उनकी मदद करते आई है। यह हर साल ‘कलर ऑफ द ईयर’ (वर्ष का रंग) घोषित करती है। इसने ‘इलूमिनेटिंग’ को साल 2021 का रंग चुना है। किसी चीज के चमकने यानी जगमग होते समय जो रंग फैलते हैं, वही ‘इलूनिनेटिंग’ है। इसमें चमकते हुए पीले रंग की प्रधानता होती है।

हमारे यहां फैशन की प्रेरणा एक तरह से बॉलीवुड से ही मिलती रही है। बॉलीवुड में ऐसे कई एक्टर्स हैं जिन्होंने पीले रंग को बहुत ही शिद्दत और पूरी जीवंतता के साथ अपनाया है। आज पीले रंग के आउटफिट्स में पगे ऐसे ही कुछ एक्टर्स की बात…

आलिया भट्‌ट :

इनकी ‘गंगूबाई काठियावाडी’ मूवी जल्दी ही रिलीज होने वाली है। इसलिए भी ये चर्चा में हैं। यहां इन्होंने पीले रंग की अद्भुत चिकनकारी वाला लहंगा-चोली को चुना जिस पर शालीन एम्ब्रायडरी का हल्का-सा टच मिलता है। किसी भी अच्छी ड्रेस या आउटफिट में एक्सेसरीज की अहम भूमिका होती है। यहां यह भूमिका निभा रही है पोल्की चोकर। चांदी के मोतियों की हैंडमेड यह पोल्की चोकर आलिया की स्वर्णिम आभा में और भी चार चांद लगा रही है।

माधुरी दीक्षित नेने :

‘दिल तो है पागल गर्ल’ यानी माधुरी दीक्षित पर उम्र कभी भी हावी नजर नहीं आती। माधुरी भी कई मौकों पर कलर ऑफ द ईयर यानी चमकते पीले रंग की ड्रेस पहन चुकी हैं। कुछ समय पहले पहनी गई और जमीन को स्पर्श करती हुई उनकी अनारकली ड्रेस काफी चर्चा में रही थी।