योगेश यादव/रायपुर- प्रदेश में 20 जनवरी को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे वोट का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। इनमें पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के 510 पदों के लिए 1288 उम्मीदवार मैदान में खड़े हैं। आम चुनाव और उपचुनाव में जिला पंचायत सदस्य के 3 पदों के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं जनपद सदस्य के 27 पदों के लिए 88, सरपंच के 152 पदों के लिए 455 और पंच के 330 पदों के लिए 733 उम्मीदवार इस चुनाव में भाग्य आजमा रहे हैं। मतदाताओं को मतदान केन्द्र में प्रवेश के पहले एवं बाद में अपने हाथ सेनेटाइज करने होंगें। इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों में सेनेटाइजर उपलब्ध कराया गया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया कि कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल के साथ मतदान सम्पन्न कराया जाना है। कोविड-19 के संकट को देखते हुए सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। इसके तहत सभी एक हजार 66 मतदान केन्द्रों में स्वास्थ्यकर्मी भी मतदान दल के साथ मौजूद रहेंगें। ताकि किसी भी आपात स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलें और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें।

