धनेश दिवाकर@ मुख्यधारा, छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में नाम वापसी के बाद अब 958 अभ्यर्थी ही निर्वाचन के लिए मतदाताओं के बीच जाएंगे। द्वितीय चरण के लिए नाम वापसी के अंतिम दिन कुल 108 अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस ले लिया। उल्लेखनीय है कि द्वितीय चरण के विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद कुल 1066 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए थे, जबकि द्वितीय चरण में नामांकन के अंतिम दिन 30 अक्टूबर तक कुल 1219 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग तथा सरगुजा संभाग के कुल 70 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। द्वितीय चरण के लिए 17 नवंबर को कुल एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, जिसमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता और 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता तथा 684 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण में भरतपुर-सोनहट, मनेन्द्रगढ़, बैकुंठपुर, प्रेमनगर, भटगांव, प्रतापपुर, रामानुजगंज, सामरी, लुण्ड्रा, अम्बिकापुर, सीतापुर, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया, धर्मजयगढ़, रामपुर, कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार, मरवाही, कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी, अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, बिलाईगढ़, कसडोल, बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग, अभनपुर, राजिम, बिन्द्रानवागढ़, सिहावा, कुरूद, धमतरी, संजारी बालोद, डोंडीलोहारा, गुण्डरदेही, पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में 17 नवंबर 2023 को मतदान होगा।
प्रथम तथा द्वितीय दोनों ही चरणों की मतगणना 3 दिसंबर 2023 को होगी।
