Headlines

चलती कार में लगी भीषण आग, कुछ ही मिनटों में जलकर राख

नरसिंहपुर में स्टेशन गंज थाना क्षेत्र के पास आग में जलती कार नरसिंहपुर में चलती कार में लगी भीषण आग

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लग गई। स्टेशन गंज थाना क्षेत्र में केंद्रीय जेल के पीछे अंडरपास के पास हुई इस घटना में कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई। हालांकि, चालक ने समय रहते वाहन रोककर बाहर निकलने में कामयाबी हासिल की, जिससे उसकी जान बच गई।

बोनट से अचानक निकलने लगा धुआं

जानकारी के मुताबिक, विपतपुरा निवासी डॉक्टर फरीद खान अपनी इंडिगो कार से शहर की ओर जा रहे थे। अंडरपास पार करने के बाद कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा।

स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और वाहन से बाहर निकल गए। उनके बाहर आते ही कार में आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं।

कुछ ही मिनट में जलकर राख हुई कार

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार आग की चपेट में आ गई। कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के कारण मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।

नरसिंहपुर में स्टेशन गंज थाना क्षेत्र के पास आग में जलती कार
नरसिंहपुर में चलती कार में लगी भीषण आग

पुलिस और दमकल टीम ने बुझाई आग

कार में आग लगने की सूचना मिलते ही स्टेशन गंज थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *