गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सत्य और अहिंसा के मार्ग को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महात्मा गांधी के जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गांधी के विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना निहित थी। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन को किया नमन
मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया। उन्होंने शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।
जनकल्याण और सुशासन की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों से जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ सदन में दोनों विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके आदर्शों को स्मरण किया।
