कबीरधाम जिले के कुंडा थाना क्षेत्र से एक मामले में एक युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिले हैं। दोनों के शव हथमुड़ी गांव के खेत में बबूल के पेड़ से लटके मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
शादीशुदा था युवक
मामला हथमुड़ी गांव का है। मृतक युवक की पहचान छोटू चंद्रवंशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वहीं मृतका की पहचान ज्योति चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जो अविवाहित थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे। हालांकि, उनकी मौत की वास्तविक परिस्थितियों और कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
खेत में पेड़ से मिले दोनों के शव
बताया गया कि दोनों के शव हथमुड़ी गांव के खेत में एक बबूल के पेड़ से एक ही फंदे पर लटके मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी सामने आने के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
