Headlines

धनोरा दुष्कर्म कांड के खिलाफ भाजपा का धरना:बृजमोहन ने कहा- कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ को नजर लग गई

भाजपा अजजा मोर्चा और महिला मोर्चा ने प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार और दुष्कर्म की वारदातों के खिलाफ धरना दिया। इसके बाद पदाधिकारियों ने राज्यपाल अनुसुइया उइके को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार के सदस्य को नौकरी, उचित मुआवजे की मांग व मामलों की निष्पक्ष जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 

धरना में पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश-सरकार जब से प्रदेश की सत्ता में आई है, छत्तीसगढ़ को किसी की नज़र लग गई है। बलात्कारों का सिलसिला चल पड़ा है। पूर्वमंत्री राजेश मूणत ने भूपेश-सरकार को चूड़ी और चुन्नी की गुनहगार सरकार बताया और कहा कि ‘ला, दे, और ले जा’ मतलब पैसा ला के दे, और पद लेकर जा ही इस सरकार की परिभाषा रह गई है। ऐसी सरकार से जनता को जगाना है। अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम, पूर्व मंत्री केदार कश्यप तथा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने भी संबोधित किया।

 

धरने में शहर ज़िला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, केदार कश्यप, नवीन मारकंडे, सच्चिदानंद उपासने, मोती साहू, नंदे साहू, अनुराग सिंहदेव, मीलन चौबे, लक्ष्मी वर्मा, सुभाष शर्मा, राजेश पांडेय, अनंजय शुक्ल, प्रफुल्ल विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।