स्कूल जाने निकले 3 नाबालिग अचानक लापता

स्कूल जाने निकले 3 नाबालिग अचानक लापता

दुर्ग। भिलाई के तीन दर्शन मंदिर कैंप-1 इलाके से स्कूल जाने के लिए निकले तीन नाबालिग अचानक लापता हो गए। एक साथ तीन बच्चों के गायब होने की सूचना से परिजन परेशान हो गए और उन्होंने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और करीब रात 2:30 बजे तीनों बच्चों को डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

स्कूल पहुंचे, लेकिन कक्षा में नहीं गए

जानकारी के मुताबिक, तीनों नाबालिग 10 सितंबर को स्कूल जाने के लिए अपने-अपने घरों से निकले थे। इनमें से एक बच्चा महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, तीन दर्शन मंदिर में पढ़ता है। वह सुबह करीब 11 बजे घर से स्कूल के लिए निकला और स्कूल परिसर तक पहुंचा, लेकिन कक्षा में जाने के बजाय अपने दो अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ कहीं चला गया। जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर मामले की सूचना छावनी पुलिस को दी गई।

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

शिकायत मिलने के बाद छावनी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने स्कूल के आसपास और बच्चों के संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पावर हाउस रेलवे स्टेशन के करीब 20 CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी गई। पुलिस ने बच्चों के साथ पढ़ने वाले अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की। जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को तीनों के डोंगरगढ़ जाने की संभावना का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल डोंगरगढ़ के लिए रवाना हुई।

रात 2:30 बजे डोंगरगढ़ से मिले तीनों बच्चे

पुलिस ने डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन की RPF और संबंधित थाना पुलिस को भी सूचना देकर अलर्ट किया। इसके बाद तलाश अभियान जारी रखा गया। आखिरकार रात्रि करीब 2:30 बजे तीनों नाबालिगों को डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चों के मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और परिजनों को भी बड़ी राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *