बाथरूम जाने के बहाने खुलवाई हथकड़ी
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नंदिनी नगर थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान ग्राम मुरमुंदा निवासी साहिल भारती (23) और नीतिश गायकवाड़ (24) को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी और जब्ती की कार्रवाई के बाद दोनों को थाने लाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें हवालात के पास हथकड़ी लगाकर बैठाया गया था।
इसी दौरान नीतिश ने बाथरूम जाने की बात कहकर हथकड़ी खोलने का आग्रह किया। पुलिस के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक सतीश साहू ने जैसे ही उसकी हथकड़ी खोली, आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और वहां से भाग निकला।
पिछले दरवाजे से निकलकर दीवार फांदी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाने के पिछले दरवाजे से बाहर निकला और बाउंड्रीवाल फांदकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।
आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज
पुलिस ने फरार आरोपी नीतिश गायकवाड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत भी अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
घटना के बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था और गिरफ्तार आरोपियों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं। फिलहाल, पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आगे की जानकारी सामने आना बाकी है।
