Headlines

फरसगांव में बोलेरो पेड़ से टकराई, आर्मी जवान की मौत; 6 लोग घायल

छत्तीसगढ़ के फरसगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गट्टीपलना मोड़ पर रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

कार्यक्रम देखने जा रहे थे बोलेरो सवार

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे। सभी पांडेआठगांव में आयोजित कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इसी दौरान गट्टीपलना मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की मदद से घायलों को फरसगांव अस्पताल पहुंचाने में सहायता की, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौत

इस हादसे में ग्राम पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम, पिता सुबेलाल नेताम की मौत हो गई। वहीं, आर्मी जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

अन्य घायलों की पहचान नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम और तेजलाल नेताम के रूप में हुई है। ये सभी ग्राम पल्ली के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा आलोर निवासी परदेशी कोर्राम भी दुर्घटना में घायल हुए हैं।

दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया

हादसे में घायल लोगों में से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का फरसगांव अस्पताल में उपचार जारी है।

फरसगांव थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल, वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से कैसे टकराया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *