Headlines

एक ही रात दो सड़क हादसे, ट्रेलरों की टक्कर से सुबह तक लगा जाम

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में दो बड़े सड़क हादसे होने से इलाके में हड़कंप मच गया। रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जबकि मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। ट्रेलरों की टक्कर के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे सुबह तक स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर बाइक सवार घायल

पहली घटना रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर हुई। यहां एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास दो ट्रेलरों की भिड़ंत

दूसरा हादसा मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया।

हादसे में दोनों ट्रेलर क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर ही खड़े रहे। इसके चलते रात से सुबह तक मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।

भारी वाहनों पर रोक की मांग, पार्षद ने दी आंदोलन की चेतावनी

मुड़ापार क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग कई बार की जा चुकी है और इस संबंध में पत्राचार भी किया गया है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

पार्षद के मुताबिक, नो एंट्री के बावजूद भारी वाहन क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004