छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जंगली हाथियों और इंसानों के बीच संघर्ष की एक और घटना सामने आई है। सूरजपुर वन परिक्षेत्र में एक जंगली हाथी ने बाइक सवार चाचा और भतीजे पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजे ने सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
फुलझर नदी के पास अचानक सामने आया हाथी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना कल्याणपुर क्षेत्र के अखोरा रोड पर स्थित फुलझर नदी के पास की है। बताया जा रहा है कि चाचा और भतीजा बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में करीब 35 से 40 वर्ष के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भतीजे ने भागकर सड़क पर खड़े एक ट्रक के नीचे शरण ली। इस तरह उसने अपनी जान बचाई।
कबरा कान वाले हाथी के हमले से ग्रामीणों में दहशत
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला हाथी कबरा कान वाला है। क्षेत्र में इस हाथी की मौजूदगी और उसके हमलों को लेकर पहले से चर्चा रही है। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि पूर्व में भी इस हाथी के हमले में कई लोगों की जान जा चुकी है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ताजा घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मानव-हाथी संघर्ष को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
