छत्तीसगढ़ में सड़क सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक जाने वाली टू-लेन सड़क को अब फोरलेन में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन ने 21 करोड़ 81 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी है।इस परियोजना के तहत करीब 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन कर फोरलेन मार्ग का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से राशि स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया गया है।
सड़क निर्माण से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
नांदघाट-मुंगेली मार्ग के फोरलेन बनने से बेमेतरा और मुंगेली जिले के बीच आवागमन अधिक सुगम और तेज होगा। इस सड़क परियोजना से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री और पूरे कार्य की नियमित निगरानी की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तय समय में पूरा करना होगा काम
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को परियोजना की निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी करने और निर्माण कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।विभाग ने निर्माण एजेंसी को अनुबंध में तय समय सीमा का पालन करने को कहा है। साथ ही निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी या समय विस्तार को रोकने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
देरी पर लगेगा नियमानुसार अर्थदंड
विभाग के निर्देशों के अनुसार, केवल अपरिहार्य परिस्थितियों या नियंत्रण से बाहर कारणों के आधार पर ही समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी। इसके अलावा कार्य में देरी होने पर नियमों के अनुसार अर्थदंड लगाने की कार्रवाई की जाएगी।नांदघाट-मुंगेली सड़क के फोरलेन बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और लंबी दूरी के आवागमन में समय की बचत होने की संभावना है। राज्य सरकार का यह कदम क्षेत्रीय विकास और मजबूत सड़क नेटवर्क की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
