CG- बगल कमरे में सो रही थी पत्नी…और पति की हो गई हत्या

दुर्ग- जिले के भिलाई शहर से एक हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक़ अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर युवक की हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि बगल कमरे में सो रहे पत्नी को भी इस हत्या की ख़बर नहीं लगी। वहीं सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, चरोदा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सुनील शर्मा (35) प्राइवेट तौर पर ड्राइवरी का काम करता था। सोमवार शाम काम से वापस लौटा और सभी ने साथ खाना खाया। रात में सुनील की पत्नी रानी बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो गई। मंगलवार सुबह सोकर उठी तो दरवाजा बाहर से बंद था। उसने काफी आवाज दी, लेकिन नहीं खुला तो अपनी मां लक्ष्मी को कॉल किया और जानकारी दी।

इसके बाद रानी के मायके वाले सुनील के घर पहुंचे। वह खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था। इसके बाद 108 एंबुलेंस को कॉल कर स्थानीय शास्त्री अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बताया कि सुनील के सिर और कान के पीछे चोट के निशान मिले हैं। किसी धारदार और भारी हथियार से वार किए जाने की आशंका है। मामले की जांच कर रहे हैं।