Headlines

Share Market: शेयर बाजार में बढ़त, 40700 के पार बंद हुआ Sensex

शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्रों में तेजी रही और सेंसेक्स 163 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक जैसे सूचकांक में मजबूत दखल रखने वाले शेयरों की अगुवाई में यह तेजी आयी। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 162.94 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 40,707.31 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 825.54 अंक का उतार-चढ़ाव आया। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 40.85 अंक यानी 0.34 प्रतिशत बढ़कर 11,937.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में पावरग्रिड रही। इसमें 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी आयी। उसके बाद भारती एयरटेल, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और कोटक बैंक में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी तरफ जिन शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी, उनमें टीसीएस, नेस्ले इंडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचसीएल टेक शामिल हैं।

 

वैश्विक स्तर पर एशिया के अन्य बाजारों में चीन में हांगकांग, जापान का तोक्यो और दक्षिण कोरिया का सोल सकारात्मक बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन में शंघाई बाजार नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। इसका प्रमुख कारण ब्रिटेन सरकार की कर्ज को लेकर घोषणा है। उसने कहा कि उसका कर्ज वित्त वर्ष की पहली छताही में उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.14 प्रतिशत घटकर 42.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुरूआती बढ़त को गंवाते हुए 9 पैसे टूटकर 73.58 पर बंद हुआ।

सुबह एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों में खरीदारी के जोर तथा वैश्विक बाजारों की तेजी के दम पर बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंक से अधिक चढ़ गया। निफ्टी भी 12 हजार अंक के पार हो गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 404.42 अंक यानी एक प्रतिशत बढ़कर 40,948.79 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 113.55 अंक यानी 0.95 प्रतिशत बढ़कर 12,010.35 पर था।


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004