Headlines

भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में पहले टेस्ट के पांचवें दिन का खेल जारी है। इंग्लैंड ने भारत को 420 रन का टारगेट दिया।

भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में पहले टेस्ट के पांचवें दिन का खेल जारी है। इंग्लैंड ने भारत को 420 रन का टारगेट दिया। जवाब में भारत ने लंच तक 6 विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए हैं। कप्तान विराट कोहली 45 रन और रविचंद्रन अश्विन 2 रन बनाकर नॉटआउट हैं।

जीत के लिए भारत को अभी भी 276 रन की जरूरत है। इंग्लैंड ने पहली पारी में 578 और दूसरी पारी में 178 रन बनाए थे। जबकि, टीम इंडिया ने पहली पारी में 337 रन बनाए थे।

एंडरसन ने शुभमन और रोहित को बोल्ड किया
टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। भारत में पहला टेस्ट खेल रहे स्पिनर जैक लीच ने दो झटके दिए। उन्होंने रोहित शर्मा (12 रन) और चेतेश्वर पुजारा को पवेलियन भेजा। तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने रिवर्स स्विंग का भरपूर इस्तेमाल करते हुए अब तक इस पारी में 3 विकेट लिए हैं।

उन्होंने 27वें ओवर की तीन गेंदों पर 2 विकेट लिए। उन्होंने पहले शुभमन गिल (50 रन) और फिर अजिंक्य रहाणे (0) को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद ऋषभ पंत को पवेलियन भेज भारत को 5वां झटका दिया। वॉशिंगटन सुंदर शून्य पर आउट हुए। उन्हें डॉम बेस ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया।

भारत को रिकॉर्ड टारगेट चेज करना है
भारत को यह टेस्ट जीतने के लिए रिकॉर्ड टारगेट चेज करना होगा। सबसे बड़ा टारगेट चेज करने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है। उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2003 में 418 रन का टारगेट चेज किया था।

भारत ने टेस्ट में सबसे बड़ा लक्ष्य 406 रन का हासिल किया है। टीम ने 1976 में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। भारत में चौथी पारी में सबसे बड़े टारगेट को चेज करने का रिकॉर्ड 387 रन का है। टीम इंडिया ने ही 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 4 विकेट पर 387 रन बनाकर मैच जीता था।

चौथे दिन 297 रन बने और 15 विकेट गिरे
टेस्ट के चौथे दिन 297 रन बने और 15 विकेट गिरे। इसमें भारत के 5 विकेट और इंग्लैंड के 10 विकेट शामिल हैं। दूसरी पारी में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। 101 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गई। बर्न्स को अश्विन ने पारी की पहली बॉल पर आउट किया। वहीं, सिबली (16 रन), डैनियल लॉरेंस (18 रन), स्टोक्स (7 रन), ऑली पोप (28 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके।

कप्तान रूट 40 रन (32 बॉल) बनाकर आउट हुए। उन्हें बुमराह ने LBW किया। जोस बटलर 24 रन और डॉम बेस 25 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन ने आर्चर और एंडरसन को आउट कर इंग्लैंड की पारी को 178 रन पर समेट दिया। इनके अलावा अश्विन ने बर्न्स, सिबली, स्टोक्स, बेस को भी आउट कर 6 विकेट लिए। शाहबाज नदीम ने 2 और इशांत शर्मा और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट मिला।

पारी की पहली बॉल पर विकेट लेने वाले स्पिनर

गेंदबाज देश खिलाफ आउट होने वाले बल्लेबाज जगह, साल
बॉबी पील इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया एलेक बैनरमैन लंदन, 1888
बर्ट वोग्लर साउथ अफ्रीका इंग्लैंड टॉम हेवर्ड ओवल, 1907
रविचंद्रन अश्विन भारत इंग्लैंड रॉरी बर्न्स चेन्नई, 2021

300 विकेट लेने वाले भारत के छठे गेंदबाज बने इशांत
इशांत के टेस्ट करियर में 300 विकेट पूरे हो गए। वे ऐसा करने वाले भारत के छठे गेंदबाज बने। इशांत, कपिल देव और जहीर खान के बाद 300 विकेट लेने वाले भारत के तीसरे तेज गेंदबाज भी हैं।

गेंदबाज विकेट बॉलिंग स्टाइल
अनिल कुंबले 619 स्पिनर
कपिल देव 434 तेज गेंदबाज
हरभजन सिंह 417 स्पिनर
रविचंद्रन अश्विन 386 स्पिनर
जहीर खान 311 तेज गेंदबाज
इशांत शर्मा 300 तेज गेंदबाज

भारत ने पहली पारी में 337 रन बनाए
पहली पारी में टीम इंडिया ने 44 रन तक भारत ने अपने दोनों ओपनर गंवा दिए। रोहित शर्मा 6 रन और शुभमन गिल 29 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान विराट कोहली (11 रन) और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (1 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद पंत और पुजारा ने पांचवें विकेट के लिए 145 बॉल पर 119 रन की पार्टनरशिप कर भारतीय पारी को संभाला।

इसके बाद सुंदर और अश्विन के बीच सातवें विकेट के लिए 80 रन की पार्टनरशिप हुई। इसकी बदौलत भारत 337 के स्कोर तक पहुंच सका। भारत के लिए पंत ने सबसे ज्यादा 91 रन बनाए। वहीं, सुंदर 85 रन बनाकर नॉटआउट रहे। पुजारा 73 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से डॉम बेस ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं, लीच, एंडरसन और जोफ्रा आर्चर को 2-2 विकेट मिले।

इंग्लैंड पहली पारी में 578 रन पर आउट हुई
इससे पहले इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 578 रन पर ऑलआउट हो गई। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को ओपनर बर्न्स और सिबली ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन की पार्टनरशिप की। बर्न्स 33 रन और डैनियल लॉरेंस शून्य पर पवेलियन लौटे। सिबली ने 87 रन की पारी खेली। इंग्लिश कैप्टन रूट ने 218 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सिबली के साथ 200 और स्टोक्स के साथ 124 रन की साझेदारी की।

स्टोक्स 82 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रूट ने ऑली पोप के साथ 86 रन की पार्टनरशिप की। पोप 34, जोस बटलर 30 और जोफ्रा आर्चर शून्य पर आउट हुए। बुमराह ने डॉम बेस (34 रन) और अश्विन ने एंडरसन (1 रन) को बोल्ड कर इंग्लैंड की पहली पारी को समेट दिया। भारत की ओर से अश्विन और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए। वहीं, शाहबाज नदीम और इशांत शर्मा को 2-2 विकेट मिले।

भारत का प्लेइंग-11: शुभमन गिल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज नदीम, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा।

इंग्लैंड का प्लेइंग-11: डॉमनिक सिबली, रॉरी बर्न्स, डेनियल लॉरेंस, जो रूट (कप्तान), बेन स्टोक्स, ऑली पोप, जोस बटलर (विकेटकीपर), डॉम बेस, जैक लीच, जोफ्रा आर्चर, जेम्स एंडरसन।


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004