रायपुर। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण और परेड की सलामी के दौरान बड़ी संख्या में अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग का विस्तृत प्लान जारी किया है।
लाल कार पास वाले अतिथि पीडब्ल्यूडी चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, एमटी वर्क्स शॉप गेट और वायरलेस ऑफिस के सामने से होते हुए मंच के पीछे बनाई गई वीआईपी पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे। हरा कार पास वाले वाहन पीडब्ल्यूडी चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस और आरआई गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल की पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। वहीं बिना पास वाले वाहनों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद लोगों को आरआई गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचना होगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बसें पुलिस लाइन के पिछले गेट यानी धमतरी गेट से प्रवेश करेंगी। हेलीपैड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें-15 अगस्त पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 अफसर-कर्मचारी होंगे सम्मानित
इन चौकों से प्रवेश पर रहेगा नियंत्रण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर प्रवेश नियंत्रित रहेगा। इन मार्गों से केवल अधिकृत वाहन, परेड में शामिल लोग और कार्यक्रम के लिए निर्धारित वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर सामान्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
समारोह स्थल पर इन सामानों की अनुमति नहीं
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस परेड ग्राउंड के अंदर कई वस्तुओं को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ और छाता शामिल हैं।
इसके अलावा बोर्ड, वाद्य यंत्र, आग्नेय अस्त्र, पटाखे, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लेड और अन्य धारदार वस्तुएं भी प्रतिबंधित रहेंगी। खतरनाक या भड़काऊ सामग्री, गुब्बारे, गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो और पालतू जानवरों को भी कार्यक्रम स्थल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
समय से पहले निकलने की अपील
यातायात पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है। संभावित भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नागरिकों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
