उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में प्रशासन इस कवायद में जुट गया है कि होली पर माहौल शांतिपूर्ण रहे। इसके लिए पुलिस ने सड़कों पर स्थित मस्जिदों को तिरपाल से ढकना शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि होली के दौरान मस्जिदों पर रंग या जूते फेंकने की घटनाएं हो जाती हैं, इससे अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है। इससे बचने के लिए मस्जिदों को प्लास्टिक कवर से ढका जा रहा है।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि शहर में करीब 41 मस्जिद हैं, जिन्हें प्लास्टिक कवर से ढकने के साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। साथ ही पिछले साल होली पर जुलूस में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को अनुभव के आधार पर तैनात किया जाएगा।
जूलुस के दौरान हिंसा को रोकने की कवायद
दरअसल 29 मार्च को होली मनाई जाएगी। इसी दिन सुबह लाट साहब का जुलूस निकलता है, जिसमें भारी भीड़ जुटती है। बेहद संवेदनशील माने जाने वाले लाट साहब के जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस ने एक महीने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी।
चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला मोहम्मदजई में स्थित मस्जिद को तिरपाल से ढक दिया गया है। ताकि होली पर्व पर शरारती तत्व धर्मस्थल पर रंग फेंककर शहर की फीजा को खराब न कर दें। धर्मस्थलों की सुरक्षा के लिए एक धर्मस्थल पर करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
तिरपाल से ढकने से धर्मस्थलों पर रंग फेंकने की घटनाओं पर लगाम
धर्मस्थलों पर रंग फेंकने के बाद अक्सर तनाव की स्थिति बन जाती थी। ऐसे में पुलिस-प्रशासन ने धर्मस्थलों को तिरपाल से ढकने की पहल की। इससे धर्मस्थलों पर रंग फेंकने की घटनाओं पर लगाम लगी है।

