सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। ट्रेन के दूसरे साप्ताहिक फेरे की शुरुआत 6 अक्टूबर 2026 से हो गई है। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर सांसद चिंतामणि महाराज और रेलवे के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
मंगलवार और गुरुवार को चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को संचालित होगी। यह बदलाव 6 अक्टूबर से अंबिकापुर से लागू हुआ है।
यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
सप्ताह में एक के बजाय दो दिन ट्रेन चलने से सरगुजा क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

समय और रूट में नहीं होगा बदलाव
रेलवे के मुताबिक ट्रेन की समय-सारणी, मार्ग, ठहराव और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन की गई है।
सांसद ने रेल मंत्री के सामने उठाई थी मांग
अतिरिक्त फेरे की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सांसद चिंतामणि महाराज ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने इस मांग को रखा था। अब दूसरे साप्ताहिक फेरे की शुरुआत होने से सरगुजा से दिल्ली की रेल कनेक्टिविटी में एक और विकल्प जुड़ गया है।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा और कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। दूसरे फेरे की शुरुआत को सरगुजा में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
