नवागढ़। छत्तीसगढ़ के नवागढ़ थाना क्षेत्र में दशहरा महोत्सव देखकर घर लौट रहे ग्रामीणों का ट्रैक्टर साल्हेघोरी गांव के पास अचानक पलट गया। हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ट्रैक्टर में सवार थे 40 से अधिक ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण दशहरा महोत्सव देखने के बाद ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान साल्हेघोरी गांव के पास ट्रैक्टर अचानक पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर में 40 से अधिक ग्रामीण सवार थे।
चार घायलों की हालत गंभीर
दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जाया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, करीब 12 ग्रामीणों का उपचार किया जा रहा है। इनमें चार लोगों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
अस्पताल पहुंचे नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी
हादसे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।
