Headlines

पुलिस की एक टीम एक्ट्रेस के घर के बाहर तैनात, रणवीर ने एनसीबी से मांगी पूछताछ में दीपिका के साथ रहने की इजाजत

  • दीपिका पादुकोण चार्टर्ड प्लेन से गुरुवार को रात गोवा से मुंबई पहुंचीं, खुद रणवीर उन्हें लेने वहां पहुंचे थे
  • रणवीर की दलील है कि दीपिका जल्दी घबरा जाती हैं, इसलिए उन्हें पूछताछ में साथ रहने की इजाजत मिले

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) शनिवार को दीपिका पादुकोण से पूछताछ करेगा। इससे ठीक पहले गोवा से मुंबई लौटी एक्ट्रेस को पुलिस की सुरक्षा मुहैया कराई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दादर पुलिस स्टेशन की एक टीम प्रभादेवी इलाके में स्थित ब्यूमोंडे टावर के बाहर तैनात की गई है, जहां दीपिका और उनके पति रणवीर सिंह रहते हैं।

पूछताछ में दीपिका के साथ रहना चाहते हैं रणवीर

इस बीच खबर आ रही है कि दीपिका के पति और अभिनेता रणवीर सिंह ने जांच एजेंसी से पूछताछ के दौरान पत्नी के साथ रहने की इजाजत मांगी है। रणवीर ने अपनी अर्जी में कहा है कि दीपिका कभी-कभी घबरा जाती हैं। इसलिए उन्हें उनके साथ बने रहने की अनुमति मिलनी चाहिए।

रणवीर ने कहा- हम कानून का पालन करने वाले नागरिक

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने अपनी अर्जी में यह हवाला दिया है कि वे कानून का पालन करने वाले लोगों में से हैं। उन्होंने लिखा है कि वे यह बात जानते हैं कि नियमों के मुताबिक, वे पूछताछ के दौरान दीपिका साथ मौजूद नहीं रह सकते। फिर भी वे एनसीबी कार्यालय के अंदर मौजूद रहने की अनुमति चाहते हैं। अभी तक एनसीबी की ओर से इस पर कोई भी रिएक्शन सामने नहीं आया है।

गुरुवार रात गोवा से मुंबई पहुंचीं दीपिका

दीपिका पादुकोण गुरुवार रात चार्टर्ड फ्लाइट से गोवा से मुंबई पहुंची हैं। वे वहां शकुन बत्रा के निर्देशन में बन रही अपनी फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। एनसीबी का समन मिलने के बाद खुद रणवीर सिंह उन्हें लेने गोवा पहुंचे थे। इस दौरान पूरे समय रणवीर दीपिका की ढाल बने नजर आए। वे कभी उनका हाथ पकड़े रहे तो कभी उन्हें मीडिया से बचाते रहे।

पहले शुक्रवार को होनी थी पूछताछ

दीपिका पादुकोण से पहले शुक्रवार को पूछताछ होने वाली थी। लेकिन उनका कोविड-19 टेस्ट नहीं हो पाने की वजह से इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका शुक्रवार को कोविड टेस्ट कराएंगी और शनिवार को एनसीबी के सामने पेश होंगी। ड्रग्स मामले में दीपिका का नाम उनकी मैनेजर करिश्मा प्रकाश से हुई वॉट्सऐप चैट सामने आने के बाद आया था। इसमें दीपिका ने करिश्मा से हशीश की मांग की थी।


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004