रायपुर में कांग्रेस नेता पर हमला:बदमाशों ने कार पर किया अटैक, नेता को चाकू मारा

रायपुर में कांग्रेस नेता पर हमला:बदमाशों ने कार पर किया अटैक, नेता को चाकू मारा

रायपुर शहर के एक कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला हुआ। कुछ पुराने बदमाशों ने रास्ता रोकर नेता से लूटपाट करने की कोशिश की और चाकू से वार कर दिया। गुरुवार को इस मामले में शिकायत लेकर कांग्रेस नेताओं ने SSP प्रशांत अग्रवाल से मुलाकात की। इस कांड के बाद शहर के कांग्रेस नेताओं ने सख्त अंदाज में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पुरानी बस्ती थाना इलाके के शांति चौक के पास ये कांड देर रात हुआ। कांग्रेस नेता सुरेश ठाकुर अपनी पत्नी, भतीजों और अन्य परिजनों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी इनकी कार के पास एक बाइक चलने लगी। बाइक पर दो लड़के सवार थे। इनमें से एक ने कार के शीशे पर जोरदार डंडा मारा। हड़बड़ाकर कांग्रेस नेता ने गाड़ी रोकी। सुरेश ठाकुर ने बताया कि उस हमलावर ने मेरे गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया, मुझे चाकू मारा मैने बचने का प्रयास किया तो चाकू कान के पास लगा। वो कह रहा था कि जो है तेरे पास सब दे, लोगों की भीड़ लगने लगी तो बाइक सवार वहां से भाग गए थे। इसके बाद हम थाने गए और शिकायत दी।

कांग्रेस नेता सुरेश ठाकुर ने बताया कि हमलावर के बारे में स्थानीय युवकों से पूछा तो पता चला कि उसका नाम इम्मू है, वाे यही सब करता है। इस इलाके का डॉन बनता है। उसके साथ भोलू यादव नाम का बदमाश भी था। ये दोनों इलाके के पुराने बदमाश हैं, जिस तरह बीच सड़क पर कार को रोककर इन्होंने हमला किया उससे जाहिर है कि पुलिस का इनमें खौफ नहीं। फिलहाल इनके खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 34-IPC, 427-IPC, 506 की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *