छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर बड़ा एक्शन

छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर बड़ा एक्शन

छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में अधिक कीमत पर बिक्री और अन्य अनियमितताओं के मामलों में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आबकारी उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, 53 पेटी अवैध शराब प्रकरण में एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा शासन को भेजी गई है।

मुख्यमंत्री ने दोहराई जीरो टॉलरेंस नीति

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अधिक कीमत पर शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई

आबकारी आयुक्त के आदेश के अनुसार, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की रोहासी देशी कम्पोजिट शराब दुकान में अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं करने और दुकान के सीसीटीवी सिस्टम को अद्यतन नहीं रखने के मामले में आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

53 पेटी अवैध शराब मामले में दूसरा निलंबन

धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में 25 जुलाई को जब्त 53 पेटी अवैध देशी एवं विदेशी शराब की जांच में होलोग्राम के आधार पर शराब का स्रोत बालोद जिले की अरकार देशी कम्पोजिट शराब दुकान पाया गया। जांच में निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में थोक बिक्री सामने आने पर संबंधित वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य को भी निलंबित कर दिया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर भी कार्रवाई की अनुशंसा

इसी मामले में अरकार शराब दुकान की प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन के शिथिल नियंत्रण और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीर मानते हुए आबकारी आयुक्त ने उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग को भेज दी है।

विभाग ने दी सख्त चेतावनी

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब दुकानों के संचालन में अधिक मूल्य पर बिक्री, अवैध थोक बिक्री या किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *